देवघर- जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में डायन बिसाही के शक में एक बुजुर्ग महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. घटना मिसरना गांव की है. घटना के बाद से स्थानीय लोग डरे सहमे हैं. महिला की पहचान कमली देवी के रूप में हुई है.
मृतक महिला कमली देवी के बेटे पिंकू मंडल ने बताया कि 27 नवंबर की देर शाम उनके ही परिवार के लखन मंडल, गिरीश मंडल, अनिल मंडल, मुकेश मंडल और भागीरथी मंडल के साथ कुछ महिलाओं ने उनकी मां को घर से घसीटते हुए ले गए.
फिर गला रेत कर हत्या कर दी और शव को गौरीचक खदान में फेंक दिया. 29 नवंबर को जब पुलिस को मृतक महिला का शव मिला तो शरीर के कपड़े और हाथ की चूड़ियों से परिजनों ने उनकी पहचान की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले लखन मंडल के छोटे लड़के की मौत हुई थी. उसके परिवार के लोगों का आरोप था कि कमली देवी ने ही जादू टोना के माध्यम से उसके बेटे की जान ली है. इसलिए लखन मंडल के साथ उसके सहयोगियों ने कमली देवी को घर से घसीट कर उसका गला रेत दिया और फिर उसके शव को खदान में फेंक दिया.
मधुपुर के डीएसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि शव की पहचान होने के तुरंत बाद एफआईआर दर्ज करायी गयी. जिसके तुरंत बाद ही आरोपियों की खोजबीन शुरू हो गई. अंधविश्वास के आधार पर हत्या हुई है. जो जघन्य अपराध है.
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस जांच में जुट चुकी है. जांच के बाद यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो किसी भी आरोपी को नहीं बख्शा जाएगा. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. जिसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








