दुमका- दुमका में बुधवार देर शाम से हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. इस बारिश ने जहां एक ओर दुर्गा पूजा के उत्साह को फीका कर दिया, वहीं दूसरी ओर शहर के मुख्य नाले में गिरने से 55 वर्षीय महिला देर रात कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव नाले में एक झाड़ी में फंसा मिला.
शहर के गौशाला रोड पर किराए के मकान में रहने वाली 55 वर्षीय सविता शर्मा का घर मुख्य नाले के पास है. उनके पति का पहले ही निधन हो चुका है. बुधवार देर शाम मूसलाधार बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया. इसी दौरान सविता शर्मा अचानक नाले में गिर गईं.
आसपास के लोगों को जब तक घटना की जानकारी मिली, वह तेज बहाव में काफी दूर बह चुकी थीं. देर रात तक चले खोजबीन अभियान के बाद उनका शव नाले में एक झाड़ी में फंसा मिला. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सविता शर्मा के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर परिषद पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शहर का सारा गंदा पानी इस नाले से होकर हिजला नदी में जाता है, लेकिन इसके रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता.
परिजनों ने बताया कि कई बार नाले के किनारे गार्डवाल (सुरक्षा दीवार) बनाने की मांग उठाई गई, लेकिन नगर परिषद ने इसे अनसुना कर दिया. नाले के किनारे कई जगह टूटे-फूटे हैं, जिसके कारण निचले इलाकों में रहने वालों को हमेशा परेशानी का सामना करना पड़ता है.
बारिश के दौरान लोगों के घरों में पानी घुसना आम बात हो गई है. परिजनों का यह भी आरोप है कि जब सविता नाले में गिरीं, तो प्रशासन समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचा, जिसके कारण उनकी जान नहीं बच सकी. इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








