रांची- राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जेपी मार्केट के ‘टेस्टी अंदाज’ रेस्टोरेंट में एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. यहां खाना खाने आए एक युवक ने विवाद के बाद रेस्टोरेंट के एक कर्मचारी की चाकू मारकर हत्या कर दी.
घटना के बाद रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी धुर्वा का ही रहने वाला है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू, मोबाइल फोन और खून से सनी शर्ट भी जब्त कर ली है.
रांची पुलिस के अनुसार, यह पूरा विवाद मनपसंद खाने को लेकर शुरू हुआ था, जिसके बाद आरोपी अमित कुमार ने कारीगर अजय कुमार दास पर चाकू से हमला कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में यह बात सामने आई है कि घटना वाली रात आरोपी अमित कुमार रेस्टोरेंट में खाना खाने आया था. इस दौरान खाने के ऑर्डर को लेकर उसकी कारीगर अजय दास से बहस हो गई.
अपना मनपसंद ऑर्डर न मिलने के कारण वह अपना आपा खो बैठा और गाली-गलौज करने लगा. देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और गुस्से में बेकाबू हुए आरोपी ने पास रखे धारदार चाकू से अजय दास पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की ओर से नजदीकी पीसीआर वैन को मौके पर भेजा गया. तब तक घायल कर्मचारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा चुका था और उस समय उसकी सांसें चल रही थीं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग टीमें बनाईं. पहली टीम अस्पताल पहुंची, दूसरी टीम आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने लगी, जबकि तीसरी टीम ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.
सीसीटीवी फुटेज की जांच में साफ दिखा कि ग्राहक बनकर पहुंचे एक युवक का स्टाफ के साथ विवाद हुआ और उसी दौरान उसने चाकू से हमला किया. उधर, अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल अजय दास की मौत हो गई.
पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी अमित कुमार (पिता ओमाशंकर लाल) को दबोच लिया. पूछताछ में आरोपी ने झड़प के दौरान चाकू मारने की बात स्वीकार कर ली है.
पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार कोई सामान्य युवक नहीं है, बल्कि उसका पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह पहले भी धुर्वा थाना कांड संख्या 59/25 में नामजद आरोपी रह चुका है. फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर रही है.








