डेस्क- उत्तर प्रदेश की नोएडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. नोएडा पुलिस ने मुंबई को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया और अब आगे की विस्तृत जांच की जाएगी. नोएडा के थाना सेक्टर 113 इलाके में रहने वाले आरोपी अश्वनी को स्वाट टीम ने कड़ी छानबीन और सघन कार्रवाई के बाद गिरफ्तार किया.
आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से मुंबई पुलिस को संदेश भेजा था कि लश्कर-ए-जिहाद के 14 आतंकी मुंबई शहर में आ चुके हैं और वे 400 किलो RDX विस्फोटक 34 गाड़ियों में लगाकर बड़ा ब्लास्ट करने की योजना बना रहे हैं. इस धमकी में यह भी कहा गया था कि इस विस्फोट में करीब एक करोड़ लोगों की मौत हो सकती है.
धमकी की सूचना के बाद मुंबई पुलिस के ज्वाइंट सीपी क्राइम ने गौतम बुद्ध नगर की कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से संपर्क किया था और आरोपी के इनपुट शेयर कर गिरफ्तारी के लिए सहयोग मांगा था. जिस पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्रा ने स्वाट टीम को आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आरोपी ने अपना नंबर बंद कर रखा था. इसके बाद पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस, सर्विलेंस और सीसीटीवी फुटेज जो एक ग्रॉसरी शॉप से मिला है. उसके आधार पर आरोपी को सेक्टर 79 के एक सोसाइटी में पिन डाउन किया. उसकी आइडेंटी कंफर्म करने के बाद उसे गिरफ्तार कर मुंबई पुलिस को सौंप दिया.
अश्वनी बिहार का रहने वाला है और पिछले पांच सालों से नोएडा में रह रहा था. पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं. अब आरोपी को जांच के लिए मुंबई पुलिस के हवाले कर दिया गया है ताकि वहां पर उसकी कड़ी पूछताछ और विस्तृत जांच की जा सके.








