आरा- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल होने के लिए बिहार पहुंचे जहां उन्होंने आरा में जनसभा को संबोधित किया। संबोधन में उन्होंने बीजेपी और चुनाव आयोग पर जोरदार हमला बोला.
एक तरफ जहां उन्होंने ‘अबकी बार बीजेपी होगी बिहार से बाहर’ का नारा दिया, वहीं दूसरी तरफ चुनाव आयोग को ‘जुगाड़ आयोग’ करार दिया. साथ ही दावा किया कि जब तेजस्वी यादव की अगुवाई में सरकार बनेगी तो बिहार के लोगों का नहीं, बल्कि बीजेपी का बिहार से पलायन होगा.
अखिलेश यादव ने कहा कि हम मानते थे कि चुनाव आयोग निष्पक्षता से काम करेगा लेकिन बीजेपी के साथ मिलकर जिस तरह से इलेक्शन कमीशन काम कर रहा है, उससे लगता है कि अब वह चुनाव आयोग नहीं बल्कि ‘जुगाड़ आयोग’ बन गया है. उन्होंने SIR को ‘सिरफिरा फैसला’ करार देते हुए कहा कि जिस तरह से लोगों के नाम काटे जा रहे हैं, वह SIR नहीं बल्कि सिरफिरा फैसला है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सपा प्रमुख ने भीड़ में मौजूद लोगों से बीजेपी को हराने की अपील करते हुए कहा कि हमलोगों ने लोकसभा चुनाव में अवध (यूपी) में भारतीय जनता पार्टी को हराया था, इस बार आप लोग मगध (बिहार) से भगाने का काम करिए. उन्होंने कहा कि मैं नारा देता हूं, ‘अबकी बार बीजेपी होगी बिहार से बाहर’. अखिलेश ने कहा कि आप लोग इस नारे को सच साबित करके दिखाइये.
बता दें कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का आज चौदहवां दिन है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने छपरा में इस यात्रा को ज्वाइन किया. वह कल ही पटना पहुंच गए थे. वहीं रविवार को इस यात्रा का पटना में समापन होगा. जहां राहुल और तेजस्वी पदयात्रा भी करेंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








