रांची- झारखंड में मॉनसून के पूर्व से ही लगातार बारिश हो रही है. बारिश की वजह से खासतौर से राजधानी रांची की रफ्तार थम गई है. इधर, बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर के अधिकांश निचले इलाकों में जलजमाव हो गया है.
सड़कों से लेकर गलियों तक पानी भर गया है. साथ ही कई मोहल्लों में घरों के भीतर तक पानी घुस गया है. जलजमाव के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से शहर की मुख्य सड़कें तालाब जैसी नजर आ रही हैं.
कांके रोड, गाड़ीखाना, चुटिया, लोअर बाजार, पंडरा डैम साइड, जैसे इलाकों में पानी जमा होने से यातायात ठप हो गया है. छोटे वाहन चालकों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है. जगह-जगह वाहन खराब होने से परेशानी और बढ़ गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रांची के कई निचले इलाकों में स्थिति और भी खराब है. कुसाई कॉलोनी, इंदराबेग, लोअर चुटिया और हिंदपीढ़ी में बारिश का पानी घरों के अंदर घुस गया है.
लोग अपने सामान को बचाने में जुटे हैं. कई परिवारों को पड़ोसियों या रिश्तेदारों के घरों में शरण लेना पड़ा और कुछ लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर जाना पड़ा.
जलजमाव की वजह से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है. लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. वहीं बारिश के कारण शनिवार को कई बच्चे स्कूल नहीं जा सके. साथ ही बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई है. विभाग ने कहा है कि यदि बारिश का दौर जारी रहा तो स्थिति और बिगड़ सकती है. नदियों और तालाबों का जलस्तर बढ़ने से शहर में बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है.








