मुंबई- महाराष्ट्र के कई जिलों में मंगलवार को तेज बारिश जारी है। पिछले दो दिनों में बारिश से जुड़े हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। अगले 48 घंटे मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिले में रेड अलर्ट है।
खबर है कि नांदेड़ में बादल फटने से 8 लोगों की मौत हो गई। सेना रेस्क्यू में जुटी है। करीब 500 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। मुंबई में करीब 300 mm बारिश हुई है। मीठी नदी का जलस्तर घट रहा है। हालांकि अभी भी कई इलाकों में अलर्ट है।
सुबह मीठी नदी का जलस्तर 3.9 मीटर बढ़ने के कारण कुर्ला क्रांति नगर एरिया से 350 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया। शहर में आज भी स्कूल-कॉलेज, गवर्नमेंट और सेमी-गवर्नमेंट ऑफिस बंद हैं। 250 से ज्यादा फ्लाइट देरी से उड़ रही हैं।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अंधेरी सब-वे भी पानी भरने से आज भी बंद है। कई अंडर ब्रिज में 4 फीट तक पानी भरा है। लोकल ट्रेन सर्विस भी प्रभावित है। हार्बर लाइन का ट्रैक पानी में डूबा हुआ है। कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें लोग रेलवे ट्रैक पर चलते नजर आ रहे हैं।
भारी बारिश की वजह से छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आठ फ्लाइट्स सूरत, अहमदाबाद और हैदराबाद डायवर्ट की गई हैं। इनमें 6 इंडिगो, एक-एक स्पाइस जेट और एअर इंडिया की है। इसके अलावा 12 फ्लाइट्स को गो अराउंड यानी आसमान में ही चक्कर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 250 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट हैं।
नांदेड़ के कलेक्टर राहुल कर्दिले ने बताया, ‘कल हुई भारी बारिश के कारण मुखेड़ तहसील के 4 गांवों को भारी नुकसान पहुंचा। SDRF की टीम ने 300 लोगों को बचाया लेकिन हसनद गांव में 5-6 लोगों की मौत हो गई। उनके शव आज बरामद किए गए। अब बारिश कम हो गई है, जलस्तर घट रहा है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। हालांकि, पैनगंगा और गोदावरी नदियां अभी भी उफान पर हैं। हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं।’
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








