डेस्क- बंगाल की खाड़ी में उठा भीषण चक्रवाती तूफान अकवान अब आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है. अगले 48 घंटे में देश के कई हिस्सों में आंधी और तेज बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर तक ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकरा सकता है. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने और तेज झोंकों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अकवान तूफान गुरुवार सुबह साढ़े 8 बजे इसका केंद्र आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 420 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व, कलिंगपट्टनम से 400 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 490 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
IMD का अनुमान है कि तूफान 20 नवंबर को दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिण ओडिशा के तटीय क्षेत्र में नरसापुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के नजदीक लैंडफॉल कर सकता है.
चक्रवात का सबसे गंभीर असर ओडिशा में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 19 और 20 नवंबर को राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है.
कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि चुनिंदा स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश यानी 24 घंटे में 21 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश होने की संभावना है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ आने का खतरा जताया है. उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 19 नवंबर को कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का भी खतरा है.
चक्रवात अकवान का प्रभाव झारखंड में भी दिखाई दे सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण झारखंड में 19 और 21 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. 20 नवंबर को झारखंड में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है. इस दिन कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है.
उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में 20 और 21 नवंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है.
बिहार में चक्रवात का असर अपेक्षाकृत बाद में दिखाई देने का अनुमान है. मौसम विभाग ने 21 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी बिहार में कई स्थानों पर बारिश और कुछ इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है.








