नालंदा- बिहार में क्राइम थमने का नाम नहीं ले रहा है. शनिवार को पहले पटना के पीएमसीएच में कार्यरत GNM सुशीला देवी की गोली मारकर हत्या हुई. इस मामले की गुत्थी सुलझ भी नहीं पाई थी कि कुछ ही घंटों के भीतर एक और हत्या ने पुलिस-प्रशासन को हिला कर रख दिया.
मृतक की पहचान नालंदा के बडीहा गांव निवासी कुख्यात रवि कुमार यादव (32 वर्ष) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि रवि यादव एक जमीन विवाद को लेकर शनिवार को थाना में लगने वाले जनता दरबार में गया था.
वहां से लौटने के क्रम में दुधैला गांव के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी. गोली रवि के दोनों पैर, सीना और गले में लगी. पुलिस आशंका जता रही है कि जमीन विवाद में उसकी हत्या की गई होगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे और घायल रवि को अस्पताल ले जाने लगे. लेकिन रवि ने घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर दम तोड़ दिया. वहीं मौके से भाग रहे एक संदिग्ध को ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया. एक अन्य हमलावर मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद हिलसा डीएसपी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की. उन्होंने बताया कि दो संदिग्धों को पकड़ा गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है. जल्द ही हत्या की वजह और अन्य आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी. गांव में तनाव, पुलिस तैनात : हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है. एहतियातन कई थानों की पुलिस को घटनास्थल पर बुलाया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








