रांची- सरायकेला-खरसावां में पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है. जो नक्सली संगठन के नाम पर लेवी मांगने का काम करते थे. इनके पास से पुलिस को हथियार भी मिले हैं.
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अपराधियों की पहचान अभिनाष हांसदा उर्फ जितेन हांसदा, धर्मेन्द्र लागुरी उर्फ कलुवा डॉन उर्फ शत्रु उर्फ डीके भईया उर्फ तमरिया, सुभाष दोराई उर्फ समाधान, अभिनाष कुमार सिंहदेव उर्फ अंशु सिंहदेव और राजकुमार जोंकों के रूप में की गई है. गिरफ्तार अपराधियों पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं. इनमें हत्या, रंगदारी, मारपीट, आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं.
सरायकेला-खरसावां एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि 24 मार्च की रात 6-7 अज्ञात अपराधियों ने रेलवे साइट पर सो रहे मजदूरों के साथ मारपीट की और पिस्टल दिखाकर ठेकेदार से रंगदारी की मांग की. आरोपियों ने पश्चिमी सब जोनल कमेटी भारत कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के नाम से लेटरहेड पर 10 प्रतिशत रंगदारी/लेवी की मांग की और कंपनी के मुंशी को लगातार फोन कर धमकाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई. एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस, धमकी देने में इस्तेमाल मोबाइल फोन (6), पश्चिमी सब जोनल कमेटी के नाम से जारी लेटरहेड पर्चा, एक मोटरसाइकिल और धमकी देने के लिए इस्तेमाल सिमकार्ड (दांतों से चबाया हुआ) जब्त किए गए हैं.








