पटना- मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक जिसमे 146 एजेंडों पर मुहर लगी. इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि प्रगति यात्रा से संबंधित 120 एजेंडा शामिल है. कई जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की स्वीकृति दी गई है.
मेडिकल कॉलेज नवादा, जहानाबाद, कैमूर, बांका और औरंगाबाद में 2000 करोड़ से अधिक की लागत से बनाए जाएंगे. ये वही मेडिकल कॉलेज हैं जिनके निर्माण की घोषणा सीएम नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान की थी.
नवादा जिले में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के निर्माण और जिला अस्पताल के सुदृढ़ीकरण के लिए 401 करोड़ 68 लाख रुपये की मंजूरी कैबिनेट से दी गई है. वहीं, जहानाबाद जिले में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के निर्माण के लिए 402 करोड़ 19 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति कैबिनेट से दी गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी प्रकार कैमूर जिले में मेडिकल कॉलेज के निर्माण के लिए 402 करोड़ 14 लाख रुपये, बांका जिले में राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल के निर्माण के लिए 402 करोड़ 31 लाख रुपये तथा औरंगाबाद जिले के अंतर्गत देव प्रखंड में चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण के लिए 400 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से वित्तीय वर्ष 2024-25 में योजना की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.
दक्षिण बिहार के घोषणाओं से संबंधित 123 योजनाओं की विभाग स्तर से पूर्व में ही स्वीकृति दी जा चुकी है. इन योजनाओं की कुल राशि 30 हजार करोड़ रूपये है. इसके पूर्व उत्तर बिहार की कुल 187 योजनाओं के लिए 20 हजार करोड़ रूपये की स्वीकृति पिछली कैबिनेट की बैठक में दी जा चुकी है.
इस प्रकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के लिए कुल 50 हजार करोड़ रूपये की स्वीकृति कैबिनेट द्वारा प्रदान कर दी गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








