हजारीबाग- एसीबी की टीम ने शुक्रवार को हजारीबाग जिले में कार्रवाई की है. इचाक प्रखंड कार्यालय परिसर में पंचायत सचिव रमेंद्र कुमार सिन्हा को घूस लेते गिरफ्तार कर लिया है. वह मनरेगा के लाभुक से छह हजार रुपए रिश्वत ले रहा था.
पंचायत सचिव इचाक अलौंजा कला निवासी ओमप्रकाश मेहता से टीसीबी निर्माण कार्य की बकाया राशि भुगतान के लिए मस्टर रोल पर हस्ताक्षर करने के एवज में छह हजार रुपया घूस मांग रहा था. लाभुक ओमप्रकाश मेहता घूस की राशि नहीं देना चाहता था.
उसने इसकी शिकायत एसीबी प्रमंडलीय कार्यालय हजारीबाग में की. एसीबी एसपी के निर्देश पर मामले की जांच करायी गयी. जांच में की गयी शिकायत सही पायी गयी. उसके बाद एसपी ने टीम गठित की और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जानकारी अनुसार, लाभुक ओमप्रकाश ने अपनी जमीन पर टीसीबी का निर्माण कराया था. पहली किस्त का भुगतान 25500 रुपये मस्टर रोल के माध्यम से किया गया. कार्य पूर्ण होने पर बकाया राशि 17 हजार के भुगतान के लिए लाभुक ओम प्रकाश मेहता मस्टर रोल पर हस्ताक्षर के लिए पंचायत सचिव से मिला.
पंचायत सचिव से मस्टर रोल पर हस्ताक्षर करने को कहा तो लाभुक से छह हजार रुपये की मांग की गयी. पहली और दूसरी किस्त के कमीशन के रूप में उससे छह हजार रुपए मांगे गए थे.








