लोहरदगा- लोहरदगा शहर में एक बेलगाम पिकअप वाहन मौत बनकर सड़क पर दौड़ता रहा, जिसकी जद में आकर दो लोगों की जान चली गई वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घायलों का इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में चल रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोहरदगा रेलवे स्टेशन की ओर से एक पिकअप वाहन आ रहा था. कचहरी मोड़ बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समीप पिकअप ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी. इस घटना में वह व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसके बाद पिकअप ने एक मोपेड सवार व्यक्ति को अपनी चपेट में ले लिया और मोपेड और उस व्यक्ति को घसीटते हुए कई किलोमीटर दूर पतरटोली तक ले गया. जहां पर सामने से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को फिर से पिकअप ने टक्कर मार दी. जिससे मोटरसाइकिल पर सवार व्यक्ति और पिकअप वाहन के साथ घसीट रहे व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं दुर्घटना में एक और व्यक्ति भी घायल हुआ है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद पिकअप वाहन चालक पिकअप को लेकर भाग रहा था, लेकिन लोगों ने उसे शंख नदी पुल के समीप रोक दिया. इसके बाद तीन लोग पिकअप से उतरकर भागने लगे. स्थानीय लोगों ने तीनों को दौड़कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. भागने के क्रम में पिकअप वाहन में आग भी लग गई थी. घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है.
लोगों का कहना है कि वाहन में सवार तीनों लोग नशे में धुत थे. वहीं घटना के संबंध में लोहरदगा एसपी हारिस बिन जमां ने कहा कि पुलिस ने मामले में सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








