किशनगंज- बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब सेवन के मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला किशनगंज जिला मुख्यालय का है, जहां शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में डीएम कार्यालय के जनरल सेक्शन में कार्यरत बड़ा बाबू अशोक सहनी (46) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. सदर अस्पताल में ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच के दौरान शरीर में अल्कोहल की मात्रा पाई गई.
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम शहर के धरमगंज स्थित सरदार गोपाल स्कूल के पास अशोक सहनी कथित तौर पर शराब के नशे में हो-हल्ला कर रहा था.
हंगामा से परेशान स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही किशनगंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक महेश कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उसे हिरासत में ले लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए अशोक सहनी के मुंह से शराब जैसी गंध आ रही थी. इसके बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच कराई गई. जांच में अल्कोहल की मात्रा दर्ज की गई.
इसके बाद पुलिस ने शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अशोक सहनी शहर के डुमरिया वार्ड संख्या 30 के निवासी भुवनेश्वर सहनी का पुत्र है. वह समाहरणालय परिसर स्थित डीएम कार्यालय के जनरल सेक्शन में बड़ा बाबू के पद पर कार्यरत है.
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








