कटिहार- कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र के नया टोला बैदा में खाद दुकान के औचक निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी रणवीर कुमार के साथ मारपीट और सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है.
बीडीओ ने इस संबंध में अमदाबाद थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने आरोप लगाया है कि अवैध और मिलावटी खाद की जांच के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, गले से सोने की चेन छीन ली गई और देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई. वहीं, दूसरे पक्ष के अजाबुल ने भी बीडीओ और अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं.
प्रखंड विकास पदाधिकारी रणवीर कुमार के अनुसार, ग्राम पंचायत राज बैदा में अवैध और मिलावटी खाद की बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी. इसी आधार पर वह मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे जांच के लिए जाकिर के शटरयुक्त घर पहुंचे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बीडीओ ने दावा किया कि जांच के दौरान वहां बंगाल से लाई गई भारी मात्रा में मिलावटी खाद मिली. उनके अनुसार, खाद के संबंध में दुकानदार कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद जब्ती सूची तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई.
बीडीओ ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि जब्ती सूची तैयार करने के दौरान उनकी मदद के लिए पहुंचे स्वच्छता पर्यवेक्षक मो. जाकिर हुसैन के साथ दुकानदार पक्ष के लोगों ने मारपीट की.
उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास करने के दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई. रणवीर कुमार का आरोप है कि इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन छीन ली गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी कनपटी पर देसी कट्टा सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके अलावा सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त करने और उनके साथ मौजूद दो सुरक्षा गार्डों से सरकारी हथियार छीनने का प्रयास किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है.
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अपने आवेदन में तमीज, अजाबुल, फिरोज, सैफुल और जाकिर समेत 14 लोगों को नामजद किया है. इसके अलावा करीब 50 अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है.
बीडीओ ने मामले में मारपीट, चेन लूटने, जान से मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने से संबंधित आरोप लगाए हैं. इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
मामले में दूसरे पक्ष के अजाबुल ने अलग दावा किया है. उनका कहना है कि 27 अक्टूबर 2026 को बीडीओ उनके घर पहुंचे थे और खेती के लिए रखे खाद को अवैध बताने लगे थे.
अजाबुल ने आरोप लगाया कि बीडीओ और अन्य लोगों ने दुकान के काउंटर से मोबाइल फोन और 10 रुपये निकाल लिए. उन्होंने इस संबंध में अमदाबाद थाना में आवेदन देने की तैयारी करने की बात कही है.








