रांची- दीपावली और छठ महापर्व के मद्देनजर ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है. लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में परेशानी हो रही है. इस बीच रेलवे ने रांची होकर संतरागाछी से राजस्थान के खातीपुरा के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की है.
ट्रेन संख्या 08061 संतरागाछी-खातीपुरा उद्घाटन स्पेशल 26 अक्टूबर को सांतरागाछी से दोपहर दो बजे रवाना हुई. यह ट्रेन शाम 5:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी.
इसके बाद पुरुलिया होते हुए रात 10:50 बजे रांची पहुंचेगी. रांची से ट्रेन रात 11:05 बजे रवाना होगी और लोहरदगा होते हुए आगे के लिए प्रस्थान करेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ट्रेन टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय, मिर्जापुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और दौसा समेत विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन रात 11 बजे खातीपुरा पहुंचेगी. हालांकि, ट्रेन संख्या 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस के नियमित परिचालन की तारीख बाद में घोषित की जाएगी.
रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि छठ महापर्व को देखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं और अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है, ताकि त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत मिल सके.








