पटना- पटना में जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ बदसलूकी और मारपीट का एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है. सोशल मीडिया पर तेजी से दावा किया जा रहा है कि पार्टी दफ्तर के बाहर मनोज भारती के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है.
मनोज भारती की ओर से पटना के पाटलिपुत्र थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया है. पाटलिपुत्र पुलिस के मुताबिक जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वह करीब 15 से 20 दिन पुराना बताया जा रहा है.
यह पूरा विवाद जन सुराज पार्टी ऑफिस में इस्तेमाल होने वाली लग्जरी गाड़ियों के किराए से जुड़ा हुआ है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन गाड़ियों का किराया लंबे समय से बाकी था और इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि जन सुराज पार्टी कार्यालय से बाहर निकलने के बाद मनोज भारती अपनी गाड़ी के अंदर बैठे हैं. इसी दौरान तीन लोग गाड़ी के बाहर आकर खड़े हो जाते हैं. इनमें से एक शख्स जबरन गाड़ी के अंदर घुसने का प्रयास करने लगता है, जिससे वहां अफरा-तफरी मच जाती है.
घटनास्थल पर मौजूद कुछ अन्य लोग बीच-बचाव करते नजर आते हैं. काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ और मनोज भारती ने थाने में शिकायत दी.
इस विवाद के पीछे करीब 2 करोड़ रुपये के भारी-भरकम बकाए की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज है. हालांकि पार्टी पर कुल कितना किराया बाकी है, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राजद नेता राजीव रंजन ने वीडियो शेयर कर लिखा कि चुनाव के बाद पार्टी ने कार वेंडर का करीब 2 करोड़ रुपये का बकाया नहीं चुकाया था. राजद नेता ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के समय से ही वेंडर अपने पैसे के लिए चक्कर काट रहा था.
सब्र टूटने पर उसने प्रदेश अध्यक्ष की पिटाई कर दी. वहीं बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने हमला बोलते हुए कहा कि जालसाज किशोर और उनकी पार्टी ‘धन सुराज’ की यही असली सच्चाई है, यह तो बस शुरुआत है.








