पटना- पटना से सटे फुलवारी शरीफ में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है. बभनपुरा गांव में मंगलवार की सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. आरोप है कि चाचा ललन शर्मा ने अपने 30 वर्षीय भतीजे दीपक कुमार पर 6 गोलियां चला दीं, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद आरोपित ललन शर्मा हथियार लेकर फरार हो गया. दिनदहाड़े हुई इस हत्या से गांव में हड़कंप मच गया. वहीं घटना की सूचना पर फुलवारी शरीफ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नारायण उपाध्याय और थानाध्यक्ष गुलाम मोहम्मद शाहबाज आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.
पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर जांच शुरू की. एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए गए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेज दिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है. पुलिस फुटेज के जरिए घटना के क्रम, आरोपित की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है.
पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी की पत्नी और बेटी को हिरासत में लिया है. दोनों से घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है.
स्थानीय लोगों ने कहा कि घर में विवाद के बाद ललन शर्मा पिस्टल लेकर पहुंचा और दीपक पर पांच गोलियां चला दीं. गोली लगने से दीपक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया. गोलीबारी की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए. मृतक की पत्नी कविता देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. परिजनों के चीत्कार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया.
बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी दोनों का आपराधिक इतिहास रहा है. आरोपी ललन शर्मा पूर्व में धोखाधड़ी के एक मामले में जेल जा चुका है. वहीं मृतक दीपक कुमार भी पहले हत्या के एक मामले में जेल जा चुका था.
बताया जा रहा है कि वह करीब चार-पांच साल जेल में रहने के बाद बाहर आया था. पुलिस दोनों के पुराने आपराधिक मामलों और आपसी विवादों से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है.








