पटना- आज दशहरा यानि विजयादशमी मनाया जा रहा है. इस मौके पर बिहार की राजधानी पटना समेत सभी जिलों में अलग-अलग रावण दहन की तैयारी की गयी थी.
पटना के गांधी मैदान में रावण दहन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया. असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक 90 फीट ऊंचा रावण का पुतला धूं-धूं कर जल उठा. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत राज्य के कई वरिष्ठ मंत्री, नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.
रावण वध देखने के लिए करीब 2.5 लाख दर्शकों की भारी भीड़ गांधी मैदान में उमड़ी। इसी बीच कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए हनुमान जी के स्वरूप ने सोने की लंका के महल में आग लगा दी है, जिससे पूरा मैदान जय श्री राम के नारों से गूंज उठा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, गया के ऐतिहासिक गांधी मैदान में लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और शानदार आतिशबाजी के बीच रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, मगध रेंज के आईजी विकास वैभव और डीएम-एसएसपी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
मोतिहारी के ज्ञान बाबू चौक से भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए शाम को गांधी मैदान पहुंची जहां राम-रावण युद्ध के मंचन के बाद सांसद राधामोहन सिंह ने रावण दहन किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बक्सर के ऐतिहासिक किला मैदान में रावण वध कार्यक्रम के दौरान मेघनाद का वध और सोने की लंका का दहन सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है. इस भव्य और पारंपरिक आयोजन को देखने के लिए मैदान में एक लाख से अधिक दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। चारों दिशा जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा.








