पटना- राघोपुर नाव हादसे के बाद से नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार सरकार पर हमलावर हैं. पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद पटना लौटकर उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री पर जोरदार हमला बोला.
आरजेडी नेता ने कहा कि मृतक के परिजनों से मिला तो जो बातें सामने आईं, उसे सुनकर बड़बोले सम्राट चौधरी और तमाम एनडीए नेताओं को शर्म से डूबकर मर जाना चाहिए.
तेजस्वी ने कहा कि प्रशासन को घटना की सूचना मिलते ही तत्काल जानकारी दी गई लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया. एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर 3 घंटे की देरी से पहुंची, तब तक स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी पीड़ितों को बाहर निकाल लिया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पानी से निकाले गए कई बच्चे घंटों तक जीवित थे और बच जाने की स्थिति में थे लेकिन स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही ने उनकी जान ले ली. एंबुलेंस देर से पहुंची. एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं था. सरकार की घोर लापरवाही और जर्जर स्वास्थ्य व्यवस्था से कई परिवारों का वंश खत्म हो गया है.
तेजस्वी यादव ने राघोपुर नाव हादसे के पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं. मुख्यमंत्री अविलंब स्वयं जाकर पीड़ित परिवारों से मिलें और उनकी चीख पुकार को सुनें तब जाकर शायद उनको थोड़ी शर्म आए.
उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की. नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर फेल है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से राज्य संभल नहीं रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
साथ ही, आरा और नालंदा में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर तेजस्वी ने कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है. बच्चियां, महिलाएं, व्यापारी, युवा और बुजुर्ग कोई भी सुरक्षित नहीं है. जहां देखों, अपराध की घटनाएं घट रही हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में बेरोजगारी, गरीबी और महंगाई लगातार बढ़ रही है. शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है. सरकार में सिर्फ ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा चल रहा है, पैसे देने वालों को मनचाही पोस्टिंग मिल रही है.
सम्राट चौधरी के करोड़ों लोगों को भोजन उपलब्ध कराने वाले बयान पर तेजस्वी ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को जमीनी हकीकत की जानकारी नहीं है. सिर्फ गेहूं-चावल मिलने से जरूरतें पूरी नहीं होतीं.
भोजन बनाने के लिए सब्जी, तेल, मसाले भी चाहिए. गरीबों को राशन भी सही तरीके से नहीं मिल रहा है. मुख्यमंत्री पद की गरिमा बनाए रखनी चाहिए और जनता की समस्याओं को समझना चाहिए.








