वाराणसी- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पटाखा बनाने के दौरान हुए विस्फोट से एक मकान ढह गया. सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंग तालाब इलाके में गुरुवार शाम हुए इस हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जतायी गयी.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है, जबकि एक महिला की तलाश में बचाव टीमें जुटी हैं. धमाके की तीव्रता से आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, संबंधित मकान में दीपावली के लिए पटाखे तैयार किये जाते थे. गुरुवार शाम अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद मकान का बड़ा हिस्सा ढह गया. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और पुलिस व अग्निशमन विभाग को सूचना दी गयी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं. मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.
शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. एक महिला के मलबे में दबे होने की आशंका के बीच उसकी तलाश जारी है. बचाव दल मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने शुरुआती तलाशी में मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने के संकेत नहीं पाए हैं. हालांकि, एहतियात के तौर पर पूरे मलबे की दोबारा गहन तलाशी ली जाएगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मीणा ने बताया कि मकान में पटाखे बनाने या उनका भंडारण किए जाने की सूचना मिली है, जिसकी पुष्टि की जा रही है. हादसे में एक मकान सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है, जबकि आसपास के कुछ मकानों को मामूली नुकसान पहुंचा है. पुलिस मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई भी कर रही है.
धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों पर भी इसका असर पड़ा. एक स्थानीय निवासी ने बताया कि विस्फोट उनके घर के ठीक पास हुआ था. उनके अनुसार, धमाके के बाद दो मंजिला मकान ढह गया और आसपास के पांच से छह मकानों को भी नुकसान पहुंचा.
स्थानीय लोगों के बयान के मुताबिक, घटना के समय संबंधित मकान में छह लोग रहते थे. हालांकि, सभी लोगों की स्थिति और उनकी संख्या की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.








