पटना- पटना के दानापुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की. विभाग ने दानापुर स्थित अवर प्रमंडल पशुपालन कार्यालय में पदस्थापित निम्नवर्ग लिपिक विजय कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया.
निगरानी विभाग ने लिपिक को एम्स गोलंबर के पास पान दुकान से गिरफ्तार किया. इस कार्रवाई के बाद पूरे अवर प्रमंडल पशुपालन कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया.
मिली जानकारी के अनुसार नौबतपुर थाना क्षेत्र के निसरपुरा-अमरपुरा निवासी राजेंद्र प्रसाद ने निगरानी विभाग से अपने जीपीएफ से करीब 6 लाख रुपये के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत की थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायतकर्ता का आरोप था कि उसके वैध कार्य को पूरा करने के बदले कार्यालय में पदस्थापित लिपिक विजय कुमार अवैध रूप से रुपये की मांग कर रहा है.
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले की जांच शुरू की. ब्यूरो की ओर से शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की बात सही पाई गई. इसके बाद मामले में केस दर्ज करते हुए आरोपी लिपिक विजय कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई.
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी विभाग ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया. योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंचाया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जैसे ही आरोपी विजय कुमार ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत की राशि ली, पहले से घात लगाए निगरानी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. टीम ने उसके पास से रिश्वत की राशि भी बरामद की.








