पलामू- मेदिनीनगर में सीआईएसएफ के एक जवान ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारी और जवानों की पिटाई कर दी. पकड़े जाने के बाद जवान ने टाउन थाना में भी जमकर हंगामा किया और पुलिस अधिकारियों को भद्दी-भद्दी गालियां भी दी.
दरअसल, मेदिनीनगर इलाके में रक्षाबंधन मेला के दौरान कई इलाकों में जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही थी. जिसे ट्रैफिक प्रभारी एएसआई समाल अहमद के नेतृत्व में टाउन थाना क्षेत्र के सद्दीक मंजिल चौक के पास जाम हटाकर ट्रैफिक को सुचारू किया जा रहा था.
इसी क्रम में सीआईएसएफ जवान मौके पर पहुंचे और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी एवं जवानों से उलझ गए. इस दौरान जवान ने ट्रैफिक प्रभारी एएसआई समाल अहमद और एक जवान को पीट दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मौके पर तैनात अन्य जवानों ने बीच बचाव किया और सीआईएसएफ जवान को पकड़ कर टाउन थाना लाया गया. जहां सीआईएसएफ जवान ने जमकर हंगामा किया और पुलिस अधिकारियों से गाली-गलौज करने लगे. इस मामले में ट्रैफिक पुलिस के आवेदन पर सीआईएसएफ जवान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि आरोपी सीआईएसएफ जवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इसके बाद पूरे मामले की जानकारी सीआईएसएफ के कमांडेंट एवं एसोसिएशन को दी गई है.








