रांची. चर्चित फिल्म ‘रामायण’ के कथित विवादित दृश्यों को हटाने और फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग को लेकर झारखंड हाइकोर्ट में जनहित याचिका दायर की गयी है.
अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी की ओर से दायर याचिका में केंद्र सरकार, राज्य सरकार के अलावा फिल्म के निर्माता, निर्देशक, लेखक और अन्य को प्रतिवादी बनाया गया है.
याचिकाकर्ता ने मांग की है कि फिल्म के विवादित अंशों को हटाकर उसे महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रदर्शित किया जाये. जब तक ऐसा नहीं होता, तब तक फिल्म के प्रसारण और प्रदर्शन पर रोक लगायी जाये.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
याचिका में आरोप लगाया गया है कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म में कई ऐसे दृश्य हैं, जो रामायण की मूल कथा और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप नहीं हैं. प्रार्थी का कहना है कि फिल्म में रावण को अपग्रेड कर भगवान राम से अधिक महत्व दिया गया है. इससे भगवान राम की छवि प्रभावित होती है.
याचिकाकर्ता ने भगवान राम के 14 वर्ष के वनवास और भरत को राजगद्दी मिलने के प्रसंग में लक्ष्मण के व्यवहार को भी रघुकुल की मर्यादा और परंपरा के विपरीत बताया है.
याचिका में शूर्पणखा की नाक काटे जाने के दृश्य को लेकर भी सवाल उठाये गये हैं. प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि फिल्म में माता सीता द्वारा इस घटना का विरोध जताना और भगवान राम द्वारा भी शूर्पणखा की नाक काटने के कृत्य को गलत ठहराना अतार्किक है. भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाने पर भी आपत्ति जतायी गयी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
याचिकाकर्ता का तर्क है कि रामायण में भगवान राम को कभी भागते हुए नहीं दिखाया गया है. उन्होंने हमेशा एक साहसी योद्धा के रूप में न्याय के लिए संघर्ष किया.
इसके अलावा सोने के हिरण यानी मारीच को देखकर माता सीता के मुंह से ‘राम’ शब्द निकलने वाले दृश्य पर भी आपत्ति जतायी गयी है. प्रार्थी का कहना है कि भारतीय परंपरा और सभ्यता में पत्नी अपने पति का नाम नहीं लेती है.
याचिका में भगवान राम की छवि धूमिल करने के आरोप के आधार पर फिल्म की कुल कमाई का 50 फीसदी हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की भी मांग की गयी है. प्रार्थी ने कहा है कि फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रस्तुत किया जाना चाहिए और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले दृश्यों को हटाया जाना चाहिए.








