रांची- झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन 25 नवंबर को राज्य सरकार की ओर से पेश राजकीय संकल्प के जवाब में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर तीखा हमला बोला.
उन्होंने SIR की प्रक्रिया को असंवैधानिक बताने और इसे रोकने की मांग पर सवाल उठाते हुए सरकार की मंशा पर संदेह जताया. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया अभी जारी है और पात्र मतदाताओं को अपना नाम जुड़वाने का अवसर दिया जा रहा है, तो फिर इसे रोकने की मांग का औचित्य क्या है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड में SIR से पहले लगभग 2.64 करोड़ मतदाता थे, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 2.21 करोड़ नाम शामिल हुए हैं. इस तरह लगभग 43.6 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सदन में यह तो बताया कि इतने मतदाताओं के नाम सूची में नहीं आए, लेकिन इसके पीछे के कारणों और आंकड़ों की पूरी जानकारी नहीं दी.
नेता प्रतिपक्ष ने इन आंकड़ों का विवरण देते हुए बताया कि करीब 7.63 लाख मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है. 15.92 लाख लोग स्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित हो गए हैं और 4.38 लाख नाम दो जगह मतदाता सूची में दर्ज होने की वजह से हटाए गए हैं.
वहीं, लगभग 14.50 लाख मतदाता ऐसे हैं, जिनका कोई पता नहीं चल पाया है. उन्होंने इन मतदाताओं के अनट्रेसेबल होने पर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि इनमें घुसपैठिए भी हो सकते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कोई नई व्यवस्था नहीं है. कांग्रेस के शासनकाल में भी कई बार SIR कराया गया है. झारखंड में पिछली बार 2002 से 2004 के बीच यह प्रक्रिया पूरी हुई थी. ऐसे में आज इसे लेकर संवैधानिकता पर सवाल उठाना उचित नहीं है.
नेता प्रतिपक्ष ने चुनाव आयोग की ओर से छूटे हुए मतदाताओं को एक और अवसर दिए जाने का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि आयोग ने 6 नवंबर और 17 नवंबर को जारी निर्देशों के माध्यम से ASDD (अब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ या डुप्लीकेट) श्रेणी के मतदाताओं के लिए दोबारा फॉर्म जमा करने और नाम जुड़वाने की व्यवस्था की है.
झारखंड में 30 नवंबर तक फॉर्म जमा किए जा सकते हैं. 10 दिसंबर तक प्राप्त फॉर्मों का निस्तारण होना है, जबकि दावे और आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तारीख 15 दिसंबर और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख 22 दिसंबर निर्धारित है.
उन्होंने सवाल किया कि जब प्रक्रिया अभी पूरी ही नहीं हुई है, तो उसे रोकने की मांग क्यों की जा रही है? सरकार और विपक्ष को मिलकर छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने में सहयोग करना चाहिए.
बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव की ओर से गोड्डा विधानसभा क्षेत्र के 19 मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर उठाए गए सवाल का भी जिक्र किया.
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने इस मामले में विस्तृत जवाब दिया है. आयोग के मुताबिक संबंधित मतदाताओं में अधिकांश अनुपस्थित पाए गए थे और उनकी अनुपस्थिति के अलग-अलग कारण थे. आयोग ने इन कारणों की जानकारी भी उपलब्ध कराई है.
बाबूलाल मरांडी ने बिहार में SIR को लेकर सुप्रीम कोर्ट के 27 मई 2026 के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की विश्वसनीयता के लिए जरूरी है.
उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR को NRC या नागरिकता समाप्त करने की प्रक्रिया बताना भ्रामक है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटना चाहिए.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उनका विरोध मतदाता सूची के शुद्धिकरण से नहीं, बल्कि प्रक्रिया रोकने के लिए लाए गए सरकार के संकल्प से है. उन्होंने संकल्प का विरोध करते हुए कहा कि समाधान SIR को रोकना नहीं, बल्कि इसे पारदर्शी, समावेशी और जवाबदेह बनाना है.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राज्य सरकार के तंत्र के जरिए ही इस प्रक्रिया को पूरी कर रही है, इसलिए SIR की संवैधानिक वैधता पर प्रश्न उठाने सही नहीं है. उन्हें यह भी कहा कि ना तो किसी पात्र मतदाता का नाम कटना चाहिए और ना ही किसी अपात्र का नाम मतदाता सूची में रहना चाहिए.








