हजारीबाग- हजारीबाग से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां पति ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और रातभर उसके शव के साथ सोया रहा. आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
आरोपी पति की पहचान शहर के मंडई मोहल्ला निवासी सुरेंद्र भुइंया के रूप में हुई है. उस पर 20 नवंबर की रात अपनी पत्नी उषा देवी की गला रेतकर हत्या करने का आरोप है.
आरोप है कि सुरेंद्र भुइंया ने पत्नी की गला रेतकर हत्या करने के बाद घटनास्थल से भागने के बजाय रातभर उसके शव के साथ ही बितायी. सुबह होने पर उसने मोहल्ले में शोर मचाया कि उसकी पत्नी की मौत हो गयी है. इसके बाद वह वहां से फरार हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे. महिला का शव देखकर उन्होंने लोहसिंघना पुलिस को सूचना दी. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. मृतका के परिजनों के नहीं पहुंचने के कारण शव को अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा गया है.
लोहसिंघना थाना प्रभारी निशांत केरकेटा ने बताया कि आरोपी ने नशे की हालत में चाकू से पत्नी का गला काटकर हत्या कर दी थी. घटना के बाद सुबह वह मौके से फरार हो गया. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी की, जिसके दौरान उसे पकड़ लिया गया.
थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है. उसने बताया कि घर में पत्नी उषा देवी ने खाना नहीं बनाया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था. विवाद के बाद सुरेंद्र घर से बाहर गया और शराब पीकर लौटा. उस समय पत्नी सो रही थी. आरोप है कि इसके बाद उसने सो रही पत्नी का चाकू से गला रेत दिया.








