पटना- कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है।
इसको लेकर ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से विज्ञप्ति जारी की गई है। इसके तहत अशोक राजपथ, गायघाट और जेपी सेतु समेत कई मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
ट्रैफिक प्लान के मुताबिक, कारगिल चौक से गायघाट तक किसी भी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से गायघाट पुल के नीचे तक सभी प्रवेश मार्ग बंद रहेंगे। हालांकि, श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर तक जाने की अनुमति होगी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गायघाट जाने वाले वाहन पुरानी बाईपास या न्यू बाईपास से धनुकी मोड़, शीतला माता मंदिर अथवा बिस्कोमान गोलंबर के रास्ते निर्धारित पार्किंग स्थलों तक पहुंच सकेंगे।
गायघाट पुल के नीचे टेंपो और अन्य व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी। अगमकुआं आरओबी से आने वाले व्यावसायिक वाहन एनएमसीएच तक और धनुकी मोड़ या बिस्कोमान गोलंबर से आने वाले वाहन डंका इमली चौक तक ही जा सकेंगे।
वहीं, गांधी मैदान की ओर से गायघाट और अशोक राजपथ जाने वाले वाहनों को एक्जीबिशन रोड, राजेंद्र नगर पुल, बहादुरपुर गुमटी और बाईपास के रास्ते भेजा जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दीघा क्षेत्र के पाटीपुल घाट, दीघा घाट, शिवा घाट और मीनार घाट पर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े होंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं को पैदल घाट तक जाना होगा।
कार्तिक पूर्णिमा को लेकर जेपी सेतु पर 23 नवंबर की रात 10 बजे से 24 नवंबर की सुबह 11 बजे तक सोनपुर, छपरा से पटना आने वाले वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
इस दौरान बस, ट्रक, हाईवा और जेसीबी जैसे भारी वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि उक्त अवधि में सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने के लिए जेपी सेतु के बजाय महात्मा गांधी सेतु का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें।








