रांची- झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस समारोह बेहद सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया. इस मौके पर राज्य प्रमुख नेताओं ने झारखंड बनने के उद्देश्य और उसके भविष्य पर अपनी बात रखी.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हर साल एक विधायक को उत्कृष्ट विधायक सम्मान दिया जाता है. इस बार निरल पूर्ति को यह सम्मान मिला है. उन्होंने बताया कि विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस तक 22 विधायकों को यह सम्मान मिल चुका है.
मुख्यमंत्री ने विधानसभा को लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर बताया. उन्होंने कहा कि यहां जाति, धर्म, अमीरी-गरीबी और ऊंच-नीच के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होता. सभी लोग बराबर हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
विधानसभा की अलग-अलग समितियां राज्य को आगे बढ़ाने में मदद करती हैं. यह राज्य को सही दिशा देने का काम करती है. सीएम ने कहा कि शिक्षा, महिलाओं को आगे बढ़ाने और व्यवस्था में गड़बड़ी दूर करने जैसे कई काम अभी बाकी हैं.
सरकार इन समस्याओं को दूर करने का प्रयास कर रही है. इतनी बड़ी व्यवस्था में बदलाव की जरूरत भी है, ताकि काम बेहतर तरीके से हो सके.
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल ने झारखंड अलग राज्य के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि अलग प्रदेश का गठन इसलिए हुआ था, ताकि गरीबी और बेरोजगारी दूर हो सके. लेकिन आज भी ये समस्याएं बनी हुई हैं. हमें इस पर सोचने की जरूरत है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि सरकार और विपक्ष गाड़ी के दो पहिए की तरह हैं. सरकार को विपक्ष की बात सुननी चाहिए. अगर जनता किसी गड़बड़ी की शिकायत करती है, तो सरकार को उस पर ध्यान देना चाहिए.
बाबूलाल ने कहा कि सभी को मिलकर इन समस्याओं को दूर करने का संकल्प लेना होगा. वर्ष 2050 में झारखंड गठन के 50 साल पूरे होंगे. उस समय देश की आजादी के भी 100 साल पूरे होंगे. हमारा लक्ष्य तब तक झारखंड को एक विकसित राज्य बनाना होना चाहिए.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड राज्य सत्ता का सुख भोगने के लिए नहीं बना है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बजट और सरकारी योजनाओं के जरिये गांवों की आर्थिक स्थिति सुधारने का काम किया है.
उन्होंने निरल पूर्ति की तारीफ करते हुए कहा कि सभी विधायकों को उनके अच्छे गुणों से सीख लेनी चाहिए. साथ ही हमें अपनी विधानसभा पर भी गर्व होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर हम समय रहते नहीं समझेंगे और नहीं सुधरेंगे, तो हमारा अस्तित्व मिट सकता है.








