डेस्क- तेलंगाना के वारंगल जिले में कर्ज और आर्थिक परेशानी से जूझ रहे एक पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया. दंपति ने सुसाइड से पहले अपने पालतू कुत्ते को भी मार दिया. उन्हें डर था कि उनके जाने के बाद कुत्ते की देखभाल करने वाला कोई नहीं होगा.
मृतकों की पहचान नल्लापोगुला संजय कुमार (60) और उनकी पत्नी शोभा (53) के रूप में हुई है. संजय निजी कार चलाते थे, जबकि शोभा दर्जी का काम करती थीं.
कपल ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नाम चार पन्नों का एक नोट छोड़ा है. इसमें उन्होंने कर्ज चुकाने के दबाव और कर्ज देने वालों की तरफ से अपमानित किए जाने जाने का जिक्र किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चार पन्नों के नोट में दंपति ने दिव्या चंद्रिका नाम की एक महिला दर्जी पर परेशान करने और अपमानित करने का आरोप लगाया है. सुसाइड नोट के मुताबिक, कपल ने उनसे 50 हजार रुपये उधार लिए थे. वे करीब 11 महीने तक हर हफ्ते 750 रुपये ब्याज के तौर पर देते रहे.
दंपति का आरोप था कि एक हफ्ते ब्याज की रकम नहीं दे पाने पर उन्हें अपमानित किया गया. नोट में उन्होंने यह भी लिखा कि आर्थिक परेशानी के बावजूद पालतू कुत्ता रखने को लेकर लोग उनका मजाक उड़ाते थे.
दंपति ने अपने नोट में पालतू कुत्ते का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि उन्हें डर था कि उनके सुसाइड के बाद कुत्ते की देखभाल करने वाला कोई नही होगा. इसी वजह से उन्होंने उसे भी मार दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दंपति ने मुख्यमंत्री से अपील की कि उनका अंतिम संस्कार पालतू कुत्ते के साथ किया जाए. उन्होंने अपने अंगों को दान करने की इजाजत देने की मांग भी की. उनके दो बेटे हैं, जो वारंगल से बाहर रहते हैं. नोट में उन्होंने परिवार से अपने बेटों को इस घटना की जानकारी नहीं देने की अपील की थी.
पुलिस ने मौके से सुसाइड नोट बरामद किया है. पुलिस दंपति की मौत और नोट में लगाए गए कर्ज से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है. DGP सीवी आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हाल के दिनों में सुनी गई यह सबसे दुखद घटनाओं में से एक है.
उन्होंने कहा कि हर हफ्ते 750 रुपये न चुका पाने और इसके लिए अपमानित किए जाने की बात बेहद परेशान करने वाली है. उन्होंने पालतू कुत्ते की मौत पर भी दुख जताया.








