रांची- चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है. जिला के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन स्थगित रहेगा. इसमें अल्पसंख्यक विद्यालय भी शामिल हैं.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश की आशंका जताई गई है. ऐसे में विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों और मौसम से जुड़े जोखिमों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है.
जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से मौसम विभाग की चेतावनी पर ध्यान देने तथा आवश्यक सतर्कता बरतने की अपील की है. साथ ही सभी से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, झारखंड के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. रांची को ऑरेंज जोन में चिह्नित किया गया है.
जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दो दिनों तक विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं नहीं चलेंगी. हालांकि, यदि किसी निजी विद्यालय में पहले से परीक्षा निर्धारित है, तो विद्यालय प्रबंधन अपने स्तर पर निर्णय ले सकेगा.
ऐसी स्थिति में संबंधित स्कूल को जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को अनिवार्य रूप से सूचना देनी होगी. इस व्यवस्था के तहत पहले से निर्धारित परीक्षाओं को लेकर विद्यालय प्रबंधन को निर्णय लेने की छूट दी गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कक्षाएं स्थगित रहने के बावजूद विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को निर्धारित दोनों दिनों में स्कूल आना होगा. उन्हें विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
इधर, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका के बीच नगर निगम की संबंधित शाखाओं को अगले तीन दिनों तक 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है. शहर के सभी 53 वार्डों में आपात स्थिति से निपटने के लिए चार जोन बनाए गए हैं। प्रत्येक जोन में दो क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात रहेंगी.
जलजमाव, पेड़ गिरने और जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई के लिए आवश्यक मशीनरी और संसाधन भी तैयार रखने को कहा गया है. मंगलवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों और शाखाओं के साथ बैठक हुई.
इसमें मौसम की संभावित स्थिति की समीक्षा करते हुए सफाई, परिवहन और हॉर्टिकल्चर शाखा को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया. रात के समय भी आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष टीमों की तैनाती की जाएगी.
नगर निगम का टोल फ्री कंट्रोल रूम नंबर 1800-570-1235 अगले तीन दिनों तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा. जलजमाव, पेड़ गिरने या अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलने पर संबंधित टीमों को भेजकर कार्रवाई की जाएगी.
निगम ने नागरिकों से अपील की है कि भारी बारिश और तेज हवाओं के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें. निचले इलाकों में रहने वाले परिवार सतर्क रहें और पेड़ों, बिजली के खंभों, नदियों तथा नालों के आसपास जाने से बचें.
बता दें कि भारत मौसम विज्ञान केंद्र झारखंड रांची के पूर्वानुमान के द्वारा झारखंड के विभिन्न जिलों में चक्रवात ‘अर्णब’ एवं भारी बारिश की चेतावनी देते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी गयी है. इधर पूर्वी सिंहभूम जिला को ऑरेंज जोन की श्रेणी में चिह्नित करते हुए तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश होने की संभावना व्यक्त किया गया है.








