रांची- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के द्वारा पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान से नाराज प्रदेश भाजपा सोमवार को कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने उतरी.
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में जिला स्कूल मैदान से कांग्रेस भवन के लिए निकले भाजपा कार्यकर्ताओं को रांची विश्वविद्यालय के समीप प्रशासन के द्वारा लगाए गए बैरिकेडिंग के समक्ष रुकना पड़ा. हालांकि इस दौरान कांग्रेस-बीजेपी के कार्यकर्ता आमने सामने होते दिखे.
कांग्रेस कार्यालय पर बीजेपी के प्रदर्शन और घेराव को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहले से ही कांग्रेस भवन में इकठ्ठा थे और जैसे ही भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के समीप पहुंचे, दोनों ओर से नारेबाजी होनी शुरू हो गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दोनों ओर से एक दूसरे के नेता को चोर बताकर घंटों नारेबाजी होती रही. इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात जिला प्रशासन और पुलिस जवानों ने बहुत ही धैर्य से काम लिया और लोगों को समझा बुझाकर आंदोलन समाप्त कराने में सफलता पाई जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं घटी.
कांग्रेस कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रविंद्र राय और युवा मोर्चा के अलावा भारतीय जनता पार्टी के महिला विंग से जुड़ी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
इधर कांग्रेस की ओर से कांग्रेस महासचिव आलोक दुबे, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह, महासचिव राकेश सिन्हा और प्रवक्ता सोनाल शांति आदि मौजूद थे. प्रदर्शन के दौरान दोनों ओर से लाठी डंडा दिखाकर एक दूसरे को धमकाया जा रहा था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस हिंदपीढ़ी और कर्बला चौक से गुंडे लेकर आई है तथा उनके दम पर गुंडागर्दी कर रही है और राष्ट्रवादी शक्तियों के खिलाफ काम कर रही है.
इधर बीजेपी के आंदोलन का जवाब दे रहे कांग्रेस प्रदेश महासचिव आलोक दूबे, सुरेंद्र सिंह, किशोरनाथ शाहदेव आदि नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक मर्यादा को चूर-चूर कर रही है.
एक महीने में यह तीसरा मौका है जो कांग्रेस के खिलाफ सड़क पर आंदोलन किया जा रहा है. यह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. आलोक दुबे ने कहा कि भाजपा नेता लगातार कांग्रेस नेताओं को गाली दे रहे हैं.








