डेस्क- बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया रविवार को चक्रवाती तूफान में बदल गया है। इसे अर्नब नाम दिया गया है। इसके असर से ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। आंध्र प्रदेश में 26 से 29 अक्टूबर तक भारी बारिश का अनुमान है। ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिले में 28 और 29 अक्टूबर को सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
पुडुचेरी में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। वहीं, तमिलनाडु में भारी बारिश के बीच इरोड जिले में रविवार को कोडिवेरी बांध पर लगातार दूसरे दिन पर्यटकों की एंट्री बंद रही।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
केरल में भी भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में रेड अलर्ट है। इन जिलों में शैक्षणिक संस्थानों और पर्यटन स्थलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
इधर, 26 अक्टूबर को केरलम में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। तमिलनाडु-पुडुचेरी में ऑरेंज अलर्ट है। कर्नाटक, रायलसीमा और आंध्र प्रदेश में बारिश का यलो अलर्ट है। यहां 50kmph की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
वहीं 27 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का रेड अलर्ट है। ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट है। छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरलम, कर्नाटक और रायलसीमा में बारिश का यलो अलर्ट है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बिहार में 26 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 2 दिन बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है। 27 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है।
झारखंड में 27 अक्टूबर से फिर मौसम बदलेगा। इसके बाद चार दिन तक राज्य के 17 जिलों में बारिश होगी। मौसम विभाग ने 28 और 29 अक्टूबर को इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। इस दौरान वज्रपात होने की भी संभावना है।








