पटना- राजधानी पटना में एक बार फिर पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हत्या के एक मामले के मुख्य आरोपी सौरभ सिंह के पैर में गोली लगी है.
घायल आरोपी को पहले कल्याण बिगहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया. पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है. आरोपी के पास से हथियार और कारतूस बरामद होने की बात सामने आई है.
बाढ़ एसडीपीओ-2 आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गैराज संचालक की हत्या के मामले में 24 अक्टूबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद पुलिस को बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नमो गंगा प्रोजेक्ट के पास हथियार छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस टीम जब वहां छापेमारी करने पहुंची, तो मुठभेड़ की स्थिति बन गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ सिंह के पैर में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
दरअसल, रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में गैराज संचालक अंजनी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में सौरभ सिंह को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, बिल्डर से 20 लाख रुपये की सुपारी लेकर अंजनी कुमार की हत्या किए जाने की बात सामने आई है. इस मामले में पुलिस पहले से ही आरोपियों की तलाश कर रही थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस के मुताबिक, सौरभ सिंह पटना के कंकड़बाग स्थित पत्रकार नगर इलाके का रहने वाला है. उसके खिलाफ दो हत्या और आर्म्स एक्ट से जुड़े दो मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है.
पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही, हथियारों की व्यवस्था करने और उन्हें छिपाकर रखने में मदद करने वालों की भी जांच की जा रही है.








