पटना- बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. JDU ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने उनकी प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है.
इसके साथ ही बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की गई है. पार्टी ने पूर्व विधायक नीलम देवी को भी छह साल के लिए निष्कासित किया है.
अनंत सिंह हाल ही में हुए बिहार विधान परिषद चुनाव में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खड़े नजर आए थे. उन्होंने पार्टी लाइन से अलग जाकर जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन किया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अनंत सिंह ने उनके पक्ष में प्रचार भी किया था. इस दौरान नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच बयानबाजी भी तेज हुई थी. नीरज कुमार ने संकेत दिया था कि पार्टी विरोध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है. अब जेडीयू ने अनंत सिंह को निष्कासित कर दिया है.
जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से जारी कार्यालय आदेश में अनंत सिंह पर पार्टी के निर्देशों की लगातार अवहेलना करने का आरोप लगाया गया है. आदेश के मुताबिक, उन्होंने शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया.
साथ ही, विधान परिषद चुनाव में पार्टी उम्मीदवार के खिलाफ काम किया और दूसरे दल के उम्मीदवार का प्रचार किया. इन्हीं कारणों का हवाला देते हुए पार्टी ने उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर छह साल के लिए निष्कासित करने का फैसला लिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








