पटना- पटना में प्रेम-प्रसंग का विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक युवती ने दूसरी युवती की नाक दांत से काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना शुक्रवार को गर्दनीबाग महिला थाना के सामने की बताई जा रही है।
घायल युवती को पहले गर्दनीबाग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान नाक का कटा हिस्सा सड़क पर गिर गया, जिसे उठाकर परिजन अस्पताल ले गए।
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से अरवल का रहने वाला युवक मसौढ़ी के एक सरकारी स्कूल में क्लर्क के पद पर कार्यरत है। एक युवती का आरोप है कि युवक के साथ उसका करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाने और जरूरत के नाम पर उससे दो लाख रुपये लेने का भी आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि जब उसने शादी की बात कही तो युवक मुकरने लगा।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को युवक खुद युवती को लेकर गर्दनीबाग महिला थाना पहुंचा था। इसी दौरान वहां दूसरी युवती भी अपने भाई के साथ पहुंच गई। दूसरी युवती को युवक की दोस्त बताया जा रहा है।
दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि इसी दौरान एक युवती ने दूसरी युवती की नाक पर दांत से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूचना मिलने पर महिला थाना पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी बताई जा रही युवती और घायल युवती के भाई को थाने में बैठाया था।
हालांकि, महिला थानाध्यक्ष ने कथित तौर पर कहा कि युवक और युवतियों के बीच आपसी विवाद हुआ था और मारपीट में एक युवती की नाक पर चोट आई है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।








