डेस्क- लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को कथित सेक्स रैकेट (देह व्यापार) गिरोह से जोड़ने वाली खबर पर सोमवार(19 अक्टूबर) राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सख्त रुख अपनाया है. आयोग ने इस मामले में खुद संज्ञान लेते हुए संबंधित खबरों पर कार्रवाई की मांग की है.
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से कहा है कि वह मीडिया क्षेत्र के संबंधित नियमन करने वाले, प्रशासनिक और खुद नियम बनाने वाले निकायों के माध्यम से मामले में तत्काल और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करे.
आयोग ने मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट (ATR) 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है. साथ ही, महिलाओं के खिलाफ बदनामी और डिजिटल माध्यमों से होने वाली प्रताड़ना को रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आयोग का मानना है कि महिलाओं की प्रतिष्ठा और सम्मान को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री के मामलों में संबंधित संस्थाओं को समयबद्ध तरीके से कदम उठाने चाहिए.
बता दें कि कुछ दिनों पहले एक समाचार माध्यम ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को एक कथित सेक्स रैकेट से जोड़कर रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इस खबर में उनके चरित्र पर गंभीर आरोप लगाए गए थे, जो बाद में गलत साबित हुए।
नेहा ने इस झूठे समाचार पर खुलकर विरोध किया और लगातार सोशल मीडिया पर न्यूज़ चैनल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती रहीं। सार्वजनिक आलोचना और सोशल मीडिया पर व्यापक विरोध के बाद उक्त समाचार संगठन ने खुद स्वीकार किया कि रिपोर्ट तथ्यात्मक रूप से गलत थी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नेटवर्क ने माफी जारी किया। लेकिन नेहा ने माफ़ी स्वीकार नहीं की और कहा कि “इनकी फ़र्ज़ी ख़बर के स्क्रीनशॉट हमेशा ऑनलाइन मौजूद रहेंगे और इन्हें हमेशा मेरे ख़िलाफ़ यूज़ किया जाएगा, क्या मेरे इस नुक़सान की भरपाई इनके माफ़ीनामे से हो जाएगी? मुझे माफ़ी नहीं न्याय चाहिए।”
नेहा ने मामले में न्यूज़ चैनल के विरुद्ध आपराधिक कारवाई के साफ़ संकेत दिए हैं। इस घटना ने महिलाओं के खिलाफ डिजिटल माध्यमों से चरित्र हनन और गलत खबरों के मुद्दे को फिर से चर्चा में ला दिया।








