गिरिडीह- दिल्ली-कोलकाता हाईवे पर एक यात्री बस कंडक्टर की पिटाई का मामला सामने आया है. घटना जिले के निमियाघाट थाना इलाके की है.
कंडक्टर के साथ मारपीट का आरोप निमियाघाट थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक सत्येंद्र कुमार पर लगा है. आरोप है कि गढ़वा-कोलकाता चलने वाली मुन्ना ट्रेवल्स बस को रोककर उसके कंडक्टर संग एएसआई ने मारपीट की. घटना में कंडक्टर को चोट लगी है.
इधर, इस मामले की जानकारी पर गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार ने जांच शुरू कर दी है. जांच का जिम्मा डुमरी एसडीपीओ आबिद खान को दी गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, गढ़वा से कोलकाता के बीच मुन्ना ट्रेवल्स नामक बस चलती है. इसी बस से निमियाघाट में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक सतेंद्र कुमार का परिवार 11 अक्टूबर को गढ़वा से निमियाघाट आ रहा था. बस पर सवार होने के दरमियान किसी बात को लेकर एजेंट से कहासुनी हुई.
इसके बाद 11-12 अक्टूबर की रात 12 बजे के बाद बस निमियाघाट पहुंची लेकिन अपने निर्धारित स्थान पर नहीं रूकी. जिसके बाद एएसआई बस के पीछे गए और आगे बस को रोका गया. यहां एएसआई का परिवार बस से उतरा और इसी दौरान कंडक्टर से विवाद हुआ.
इसी दौरान बस कंडक्टर के सिर पर चोट लगी. ऐसे में इस मामले को लेकर बस के मालिक द्वारा पुलिस से शिकायत की गई. शिकायत के बाद एसपी ने एसडीपीओ को जांच का जिम्मा सौंपा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कंडक्टर के साथ मारपीट के आरोप पर सहायक अवर निरीक्षक सतेंद्र कुमार से उनका पक्ष लिया गया. सतेंद्र ने कहा कि 11 अक्टूबर को उनकी पत्नी परिवार संग मुन्ना बस पर सवार हुई थी.
1600 रुपया का टिकट कटवाया. इस दौरान सीट को लेकर उसके परिवार के लोगों ने एजेंट से निवेदन किया तो एजेंट और कंडक्टर ने काफी भला-बुरा कहा.
उन्होंने भी फोन पर एजेंट और कंडक्टर से बात की. इसके बावजूद उनकी पत्नी संग दुर्व्यवहार किया गया. फिर सीट की जगह बेंच पर बैठाकर लाया गया. बाद रात में जब बस पहुंची तो बस को निमियाघाट के पास नहीं रोका गया बल्कि बस को आगे ले जाया गया.
उन्होंने बताया कि जब मैं पीछे से पहुंचा तो बस के कंडक्टर से वाहन को आगे ले जाने और पत्नी संग दुर्व्यवहार करने पर सवाल पूछा. मामला आत्मसम्मान से जुड़ा था तो इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और मैंने कंडक्टर का गिरेबान पकड़ा.
इसी दौरान कंडक्टर का सिर बस के दरवाजे से टकरा गया और उसे मामूली चोट लगी. उन्होंने कहा कि उन्होंने मारपीट नहीं की है. सिर्फ पत्नी की आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना कर्तव्य निभाया है.
दूसरी तरफ नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस मामले को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आरोपी एएसआई पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई की मांग की है. बाबूलाल मरांडी ने इस मामले को लेकर सरकार और पुलिस से भी कई सवाल पूछे हैं.
उन्होंने कहा बस के एजेंट ने टिकट का पैसा एएसआई के परिवार से लिया, इसी बात से नाराज होकर एएसआई द्वारा जीटी रोड पर बस का पीछा कर उसे रुकवाया गया और टिकट के पैसे को लेकर बस के कंडक्टर जाहिद आलम के साथ मारपीट की.
उन्होंने कहा कि घटना के बाद उन्हें (कंडक्टर) धमकियां भी दी गईं. गंभीर रूप से घायल जाहिद आलम अस्पताल में भर्ती हैं. दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि उन्हें देखने अस्पताल जा रहे उनके भाई की भी सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई.
इधर, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि एसपी के निर्देश पर आरोपी एएसआई से शो-कॉज किया गया है. वहीं आगे की जांच भी की गई है. जांच हो चुकी है और इसकी रिपोर्ट पुलिस कप्तान को भेजी जा रही है. आगे वरीय अधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई होगी.








