सारण- सारण जिले के परसा थाना क्षेत्र में देर रात राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने कार्रवाई की. दिल्ली और पटना से पहुंची टीम ने परसा की मुख्य पार्षद आयशा खातून के आवास पर करीब चार घंटे तक तलाशी ली.
इसके बाद टीम उनके पुत्र करमुल्लाह अंसारी और चेतन परसा निवासी मोहम्मद गफ्फार मियां को अपने साथ ले गई. कार्रवाई को हथियार तस्करी से जुड़े मामले से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि एजेंसी की ओर से इस संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई कि स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी टीम के लौटने के दौरान हुई. अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
NIA की टीम ने आवास में करीब तीन घंटे तक सघन तलाशी ली. इस दौरान दस्तावेज, मोबाइल, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच किए जाने की बात सामने आई है.
टीम ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ भी की. हालांकि तलाशी में क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी जांच एजेंसी की ओर से नहीं दी गई है.
सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हथियारों की खरीद-बिक्री और कथित तस्करी से जुड़े मामले में हुई है. करमुल्लाह अंसारी का नाम पहले भी हथियार तस्करी से जुड़े मामलों में आने की बात कही जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जाता है कि वर्ष 2024 में भी NIA की टीम ने इसी आवास पर छापेमारी की थी. उस समय जांच टीम ने कई घंटे तक घर में तलाशी ली थी. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई थी. उस कार्रवाई में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई थी.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, NIA अधिकारियों ने करमुल्लाह अंसारी को पूछताछ के लिए पटना कार्यालय में कई बार बुलाया था. आरोप है कि वह पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हुआ. इसके बाद अब टीम ने सीधे उसके आवास पर कार्रवाई की. इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि एजेंसी की ओर से नहीं की गई है.








