रामगढ़- झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू थाना क्षेत्र स्थित एक निजी पावर प्लांट में रविवार को फर्नेस में जोरदार ब्लास्ट हो गया. हादसे में करीब दर्जन भर मजदूरों के झुलसने की सूचना है. इनमें कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों में दो को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फर्नेस से जुड़े मेंटेनेंस और मैग्नेट संचालन के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ. इसके बाद फर्नेस से पिघला हुआ गर्म लोहा और आग की लपटें आसपास काम कर रहे मजदूरों की ओर फैल गई. बताया गया कि क्रेन ऑपरेटर और केबिन में काम कर रहे कुछ मजदूर भी इसकी चपेट में आ गए.
इस हादसे में बिहार निवासी रमेश ठाकुर और हजारीबाग के शिवपुरी निवासी नितेश राणा के 90 प्रतिशत से अधिक झुलसने की जानकारी सामने आई है. दोनों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है. वहीं, तीन अन्य मजदूरों के भी 40 से 60 प्रतिशत तक झुलसने की सूचना है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अस्पताल में एक घायल मजदूर ने बताया कि अचानक ब्लास्ट के बाद चारों तरफ धुआं और अंधेरा छा गया. मजदूर अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे, लेकिन तब तक कई लोग आग और गर्म धातु की चपेट में आ चुके थे. उसके अनुसार, पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि आधा दर्जन से अधिक मजदूर भी हादसे में प्रभावित हुए हैं.
फिलहाल फर्नेस में ब्लास्ट की वास्तविक तकनीकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद कुजू थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








