रांची- झारखंड में JPSC-JSSC में गड़बड़ियों के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के 15वें दिन सरकार और छात्रों के बीच फिर बातचीत हुई. फिलहाल, इस बातचीत से कोई हल नहीं निकला है. हालांकि, सरकार ने अब पूरे राज्य के छात्रों से सुझाव मांगे हैं. इसके लिए एक ईमेल ID भी जारी की गई है.
इस बातचीत के दौरान झारखंड सरकार ने छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों को हल करने के लिए जल्द निर्णय का आश्वासन दिया है. हालांकि, छात्रों का कहना है कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने समेत सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.
JPSC-JSSC न्याय मंच के बैनर तले जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलन कर रहे इस गुट के रामअवतार महतो, दीनबंधु मंडल, रविशंकर, रामकुमार, प्रेम कुमार, विमल कुमार और अमित कुमार शिष्टमंडल का हिस्सा रहे. बातचीत के दौरान राज्य सरकार की तरफ से मंत्री सुदिव्य कुमार, दीपिका पांडे, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव मौजूद रहे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
करीब डेढ़ घंटे की बातचीत के बाद चारों मंत्री और छात्रों का प्रतिनिधिमंडल मीडिया के सामने आया. मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि छात्रों की मांगों को मुख्यमंत्री के सामने रखा जाएगा. वहीं छात्रों ने कहा कि मांगें सरकार के सामने रख दी गई हैं और अब सरकार को फैसला लेना है. जब तक फैसला नहीं हो जाता, आंदोलन जारी रहेगा.
इस बीच, राज्य सरकार ने JPSC और JSSC में सुधार के लिए छात्रों और आम लोगों से सुझाव मांगने के लिए एक ईमेल जारी किया है. छात्रों के साथ बातचीत के बाद, मंत्री सुदिव्य कुमार ने एक ईमेल जारी किया जिसमें कहा गया कि कोई भी अपने सुझाव jpsc.jssc.feedback@gmail.com पर भेज सकता है.
सरकार मिले सुझावों पर विचार करेगी और NSUI समेत अलग-अलग छात्र संगठनों से भी वार्ता होगी. उन्होंने कहा कि छात्रों के सुझाव मिलने के बाद सभी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखी जाएंगी और फिर सरकार कोई फैसला लेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








