रांची- आज से श्रावण माह की शुरुआत हो गई है. इसी के साथ देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा है. लाखों कांवरिये और श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए देवघर पहुंच रहे हैं. इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर में अर्घा सिस्टम लागू किया गया है, ताकि जलार्पण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके.
इसी बीच झारखंड सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान VIP या आउट ऑफ टर्न दर्शन की व्यवस्था नहीं होगी, जिससे आम श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
झारखंड सरकार के कैबिनेट सचिवालय एवं निगरानी विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी किया है. पत्र में कहा गया है कि बाबा बैद्यनाथ धाम देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और श्रावण माह में यहां लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अधिकांश श्रद्धालु देवघर के साथ-साथ दुमका स्थित बाबा बासुकीनाथ मंदिर भी दर्शन के लिए जाते हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए झारखंड सरकार ने श्रावणी मेले के दौरान VIP दर्शन या आउट ऑफ टर्न दर्शन पूरी तरह बंद रखने का निर्णय लिया है.
पत्र में सभी संबंधित अधिकारियों और संस्थानों से अनुरोध किया गया है कि बाबा बैद्यनाथ मंदिर, देवघर और बाबा बासुकीनाथ मंदिर, दुमका में VIP या आउट ऑफ टर्न दर्शन की व्यवस्था कराने के लिए किसी भी प्रकार की अनुशंसा या अनुरोध राज्य सरकार अथवा जिला प्रशासन को न भेजा जाए.
यह पत्र भारत सरकार के कैबिनेट सचिव, सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव/प्रशासक, सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल और देश के सभी हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भेजा गया है, ताकि श्रावणी मेले के दौरान VIP सिफारिशों पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित की जा सके और आम श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से बाबा के दर्शन का अवसर मिल सके.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








