धनबाद- धनबाद के लोयाबाद में रविवार की सुबह अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई जिसमे एक घर जमींदोज हो गया. घटना के बाद वहां 15 फीट चौड़ा और 20 फीट गहरा गड्ढा बन गया. गनीमत रही कि परिवार बाल-बाल बच गया. यह घर अरमान अंसारी का बताया जा रहा है.
गड्ढे में लगातार पानी का रिसाव हो रहा है और मिट्टी भी ढह रही है. घनी आबादी के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गयी. हालांकि घर में मौजूद अरमान अंसारी की पत्नी जमीला खातून और उनके बच्चे बाल-बाल बच गये. कमरे में रखा सामान जमीन में समा गया.
बताया जाता है कि रविवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे जमीला खातून और उनके बच्चे घर में मौजूद थे. इसी दौरान अचानक एक कमरे की जमीन धंसने लगी. खतरा भांपते ही परिवार के सदस्य कमरे से बाहर निकल गये. कुछ ही देर में पूरा कमरा जमींदोज हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आसपास के लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर परिवार के सदस्यों और उनका सामान बाहर निकालने में मदद की. बताया गया कि अरमान अंसारी बाहर काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे घर में रहते हैं. घटनास्थल से दो घर बाद डबलू अंसारी के घर का एक कमरा भी भू-धंसान की चपेट में आया है.
घटना के बाद और भी लोग घर खाली करने में जुटे हैं. घटना की सूचना मिलते ही लोयाबाद पुलिस और बांसजोड़ा कोलियरी प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे.
चेंबर अध्यक्ष राजकुमार महतो, मुस्लिम कमेटी के अध्यक्ष इम्तियाज अहमद और महामंत्री असलम मंसूरी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल की बैरिकेडिंग कर लोगों को वहां जाने से रोक दिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बांसजोड़ा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि भू-धंसान वाली जगह की भराई का काम शुरू कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को दूसरी जगह बसाने की तैयारी भी की जा रही है.








