रांची- रांची में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत रविवार को स्टूडेंट्स मैराथन का आयोजन किया गया. मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
इस आयोजन का उद्देश्य देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों के खिलाफ छात्रों और युवाओं की आवाज को बुलंद करना तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जनजागरण करना था.
मैराथन में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. इस दौरान यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, कन्हैया कुमार, झारखंड सरकार में मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी, और सुबोध कांत सहाय समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने शिक्षा में पारदर्शिता, निष्पक्ष परीक्षाएं और पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई की मांग से जुड़े संदेश भी दिए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस मौके पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान देश में बढ़ते पेपर लीक मामलों के खिलाफ युवाओं की आवाज को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं. जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लाखों मेहनती छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है.
उदय भानु चिब ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस मुद्दे को संसद से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी और पेपर लीक माफिया के खिलाफ लगातार संघर्ष करेगी. उन्होंने कहा कि देश का युवा मेहनत करता है, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उसकी उम्मीदें टूटती हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को हर मंच पर उठाएगी. वहीं कन्हैया कुमार ने कहा कि देश के किसी भी राज्य में पेपर लीक हो, वे छात्र के हित में उसके खिलाफ लड़ेंगे.
मौके पर मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है. युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से आयोजित नहीं हो रही हैं. जिससे प्रतिभाशाली छात्रों का नुकसान हो रहा है. कांग्रेस युवाओं को समान अवसर दिलाने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी.








