रांची- राजधानी रांची के एक निजी अस्पताल पर मरीज इलाज में लापरवाही करने का आरोप लगा है. आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण मरीज की जान चली गई.
मरीज की मौत के बाद अस्पताल द्वारा परिजनों से 22 लाख रुपये का बिल जमा करने को कहा गया. पूरे मामले पर सीएम हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है और कार्रवाई का आदेश दिया है.
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद रांची प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया. डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सिविल सर्जन को तुरंत जांच और कार्रवाई का जिम्मा सौंपा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस पूरे मामले की निष्पक्ष रिपोर्ट तैयार करने के लिए एक जिला स्तरीय विशेष जांच टीम का गठन भी कर दिया गया है. यह टीम अस्पताल के रिकॉर्ड और इलाज के तरीकों की जांच कर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.
इधर, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी मामले में संज्ञान लिया है और कहा कि इलाज में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने मामले को अत्यंत गंभीर बताया. उन्होंने अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य अजय कुमार को उच्चस्तरीय जांच टीम गठित कर निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने का निर्देश दिया है.
उन्होंने कहा कि यदि जांच में हॉस्पिटल दोषी पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध नियमों के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मरीजों की सुरक्षा, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मिली जानकारी अनुसार, लातेहार के रहने वाले 18 वर्षीय राजू कुमार रंजन को बीते 24 मई को सड़क हादसे में पैर टूटने के बाद राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई, जिससे राजू के पैर में गंभीर इंफेक्शन फैल गया. आरोप लगाया गया कि 2-3 दिन तक ड्रेसिंग नहीं की गई, जिसके चलते इंफेक्शन फैल गया. हालत इतनी बिगड़ गई कि उसे आईसीयू में शिफ्ट करना पड़ा, जहां राजू ने दम तोड़ दिया.
राजू की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने जब परिजनों को 22 लाख रुपये का भारी-भरकम बिल थमाया, तो उनका गुस्सा उबाल पर आ गया. परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर बवाल किया.
घरवालों का सीधा आरोप है कि डॉक्टरों और मैनेजमेंट की घोर लापरवाही के चलते उनके बच्चे की जान चली गई. उनका सवाल था कि चोट और जख्म पैर में था तो इंफेक्शन सिर तक कैसे पहुंच गया. परिजनों के दबाव के बाद राजू के शव का पोस्टमार्टम रिम्स में कराया गया.








