रांची- नीट परीक्षा को लेकर जारी विवाद के बीच झामुमो ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने सोमवार को पार्टी के केंद्रीय कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में परीक्षा संचालन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय शिक्षा धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने भारतीय वायुसेना की सराहना करते हुए कहा कि वायुसेना ने अपने दायित्व का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया है लेकिन यह चिंता का विषय है कि परीक्षा जैसे कार्यों में सेना की सहायता लेने की नौबत क्यों आई?
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि सेना का उपयोग प्राकृतिक आपदाओं और इमरजेंसी जैसे हालात और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किया जाता है. झामुमो नेता ने आरोप लगाया कि देश की परीक्षा प्रणाली और सरकारी तंत्र पर लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि यदि परीक्षा संचालन के लिए भी असाधारण व्यवस्थाएं करनी पड़ रही हैं, तो यह व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है. सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले सालों में भी परीक्षा के बाद कई अनियमितताओं के मामले सामने आए थे, इसलिए इस बार भी पूरी जांच होने तक सवाल बने रहेंगे.
सुप्रियो भट्टाचार्य ने दावा किया कि लाखों छात्र इस परीक्षा से जुड़े हुए हैं और उनके भविष्य को लेकर गंभीर चिंताएं हैं. उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए.
झामुमो ने मांग की है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ठोस कदम उठाए ताकि छात्रों और अभिभावकों का भरोसा बहाल हो सके.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
झामुमो महासचिव ने तंज भरे लहजे में कहा कि उनकी तो सलाह है कि अब अन्य प्रतियोगिता परीक्षा को कंडक्ट कराने की जिम्मेवारी ईडी, सीबीआई को सौंप देना चाहिए.








