पटना- असम के जोरहाट एयरबेस में भारतीय वायुसेना के एएन-32 परिवहन विमान हादसे में शहीद हुए बिहार के दो वीर सपूत अग्निवीर दानिश आलम और फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर रविवार को विशेष वायुसेना के विमान से बिहटा एयरफोर्स स्टेशन पहुंचा. एयरफोर्स स्टेशन के बाहर श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा.
एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर सुबह से ही हजारों की संख्या में लोग जुटने लगे थे. पार्थिव शरीर के पहुंचने के बाद एयरफोर्स स्टेशन के अंदर भारतीय वायुसेना की ओर से दोनों शहीदों को सैन्य सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई.
वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को अंतिम सलाम किया. इस दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा. हर आंख नम थी, लेकिन देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान पर लोगों को गर्व भी था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड अंतर्गत कमरियांव गांव निवासी अग्निवीर दानिश आलम और जहानाबाद जिले के हुलासगंज प्रखंड स्थित बनवरिया गांव निवासी फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार की शहादत की खबर मिलते ही दोनों जिलों में शोक की लहर दौड़ गई थी. रविवार को उनके पार्थिव शरीर के बिहटा पहुंचने पर बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अग्निवीर दानिश आलम का पार्थिव शरीर भोजपुर के कमरियांव गांव तथा फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार का पार्थिव शरीर जहानाबाद के बनवरिया गांव के लिए रवाना किया गया.
रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर और तिरंगा लहराकर अपने वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. जगह-जगह लोग सड़क किनारे खड़े होकर अंतिम यात्रा को नमन करते दिखे. बता दें कि जोरहाट एयरबेस पर हुए एएन-32 विमान हादसे में भारतीय वायुसेना के पांच कर्मियों की जान चली गई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








