रांची- होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद एक महिला कैदी के साथ दुष्कर्म और उसके गर्भवती होने की चर्चाओं के बीच मामले ने नया मोड़ ले लिया है. जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद महिला ने स्वयं सामने आकर इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है.
ब्राउन शुगर पैडलिंग के मामले में गिरफ्तार महिला होटवार जेल में बंद थी. इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म होने तथा गर्भवती होने की खबरें सामने आई थीं.
इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी प्रेस वार्ता कर जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए थे. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने भी संज्ञान लिया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि जेल से बाहर आने के बाद महिला ने कहा कि उसके साथ जेल के अंदर किसी भी प्रकार की कोई गलत घटना नहीं हुई. उसने स्पष्ट किया कि न तो उसने किसी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और न ही जेल परिसर में किसी तरह की अनैतिक गतिविधि हुई है. महिला ने यह भी कहा कि जेल के अंदर इस प्रकार की घटना होना संभव नहीं है.
महिला ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि इस तरह की खबरें और आरोप बाहर कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी उसे भी नहीं है. वहीं उसकी मां ने भी बेटी के साथ किसी प्रकार की गलत घटना होने से इनकार किया है.
पीड़िता और उसके परिवार के बयान के बाद होटवार जेल में दुष्कर्म और गर्भवती होने के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं. अब यह चर्चा का विषय बन गया है कि आखिर इस तरह की खबरें किस आधार पर सामने आईं और मामले की वास्तविकता क्या है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








