रांची- झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला बदला रहने वाला है. रांची स्थित मौसम केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 18 मई को राज्य के कई जिलों में गरज के साथ बारिश, तेज हवा और वज्रपात की संभावना है. खासकर दक्षिणी और मध्य झारखंड के इलाकों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहने के आसार हैं.
मौसम केंद्र ने खूंटी और गुमला समेत दक्षिणी झारखंड के इलाकों में कहीं-कहीं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की है.
वही धनबाद, बोकारो, रामगढ़ और लोहरदगा समेत निकटवर्ती मध्य झारखंड के जिलों में भी गरज के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि हजारीबाग और कोडरमा समेत उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में मौसम अपेाकृत शुष्क रह सकता है. मौसम केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.
19 मई को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है. 20 मई को पूर्वी और निकटवर्ती मध्य झारखंड के जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है. कई जगहों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गर्जन और वज्रपात की संभावना है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
21 मई को पलामू, गढ़वा और लातेहार को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है. आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक आंशिक रूप से बादल छाए रहने, मेघ गर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है.








