डेस्क- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने के बाद दिल्ली में जदयू कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा कर दिया. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए साफ संदेश दिया कि बिहार में मुख्यमंत्री की कुर्सी जदयू के पास ही रहनी चाहिए.
जानकारी के अनुसार, जैसे ही नीतीश कुमार कार्यक्रम के बाद अपनी गाड़ी की ओर बढ़े, वहां मौजूद जदयू कार्यकर्ताओं का एक समूह अचानक नारेबाजी करने लगा. प्रदर्शनकारियों ने जोरदार हंगामा करते हुए अपनी मांगें रखीं और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया.
जदयू के एक धड़े में इस बात को लेकर नाराजगी देखी जा रही है कि नीतीश कुमार के बाद बिहार की सत्ता भाजपा के हाथों में जा सकती है. कार्यकर्ताओं का मानना है कि अगर ऐसा हुआ तो पार्टी के लिए भविष्य में राजनीतिक राह मुश्किल हो जाएगी. इसी कारण वे लगातार यह मांग कर रहे हैं कि अगला मुख्यमंत्री जदयू से ही होना चाहिए, न कि भाजपा से.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हंगामे के दौरान कार्यकर्ताओं ने संभावित मुख्यमंत्री के तौर पर कई नाम भी सुझाए. उन्होंने नारे लगाते हुए कहा कि नीतीश कुमार के बाद उनके बेटे निशांत को सीएम बनाया जाए.
इसके अलावा संजय झा और ललन सिंह के नाम भी सामने आए. हालांकि, सभी कार्यकर्ताओं की एक ही मांग थी कि किसी भी हाल में मुख्यमंत्री पद भाजपा को नहीं जाना चाहिए.
नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली है. अब माना जा रहा है कि वे 13 अप्रैल को कैबिनेट बैठक के बाद राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सूत्रों के मुताबिक, 15 अप्रैल को बिहार के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है. इससे पहले दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें अंतिम फैसला लिया जाएगा.








