पटना- पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा से रेप-मौत मामले को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रविवार को गर्दनीबाग धरनास्थल पर पीड़ित परिवार धरने पर बैठ गया। धरने में पीड़िता के माता-पिता, मामा समेत करीब 100 लोग शामिल हुए।
इस दौरान पीड़िता की मां ने CBI जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि, ‘अब उन्हें जांच एजेंसी पर भरोसा नहीं रहा। परिवार को ही परेशान किया जा रहा है, मुझे बस अपनी बेटी के लिए इंसाफ चाहिए।’ यह कहते ही वह फूट-फूटकर रोने लगीं।
पिता का आरोप- ‘टॉर्चर की हद पार’ पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि, CBI ने टॉर्चर की अंतिम सीमा पार कर दी है। उन्होंने कहा, ‘सीबीआई टॉर्चर की अंतिम सीमा पार कर चुकी है। कंस-दुर्योधन के शासन जैसा सरकार सलूक कर रही है। सरकार और सीबीआई पर भरोसा नहीं रहा। अब सिर्फ न्यायालय से ही न्याय की उम्मीद है।’
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
3 महीने बाद भी जांच फेल- पुष्कर आनंद धरने में शामिल सामाजिक कार्यकर्ता पुष्कर आनंद ने कहा कि, ‘यह सिर्फ एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे बिहार की महिलाओं की सुरक्षा का मामला है। करीब तीन महीने होने जा रहे हैं, लेकिन सभी की जांच फेल साबित हुई है।’
धरना दे रहे लोगों ने कहा कि फिलहाल शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जा रहा है, लेकिन अगर जांच सही दिशा में नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी दी है। धरना स्थल पर भारी संख्या में लोग जुटे रहे और पूरे मामले में जल्द न्याय की मांग की गई।
बता दें कि इस केस की जाँच पहले पटना पुलिस, फिर SIT, SIT के बाद सीबीआई को जांच दिया गया, लेकिन नतीजा शून्य रहा. कोर्ट की लगातार फटकार के बाद अब जांच CBI की दिल्ली टीम (एंटी करप्शन ब्रांच-2) को सौंपी गई है। अब देखना होगा की दिल्ली CBI की टीम केस में नया क्या लेकर आती है जिससे पीड़ित परिवार को इंसाफ मिल सकेगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








